Cyrus Mistry: डेटा रिकॉर्डर चिप खोलेगी कार हादसे के राज? जर्मनी में मर्सिडीज करेगी डिकोड
टाटा सन्स के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की कार हादसे में मौत की जांच की जा रही है। पालघर पुलिस ने कार निर्माता कंपनी से कई सवाल किए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए डेटा रिकॉर्डर चिप जर्मनी भेजी जाएगी।
पालघर, एजेंसी। टाटा सन्स के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की सड़क हादसे में मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मिस्त्री की मौत को लेकर मुंबई पुलिस पूछताछ भी कर रही है। महाराष्ट्र की पालघर पुलिस ने कार निर्माता कंपनी से कई सवाल किए हैं। बता दें कि साइरस मिस्त्री का रविवार को मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर हुए हादसे में निधन हो गया था।
पालघर पुलिस के सवाल
- हादसे के बाद कार में लगे एयरबैग क्यों नहीं खुले?
- कार में कोई मैकेनिकल दिक्कत थी?
- कार में ब्रेक फ्लुइड क्या था?
- टायर का दबाव क्या था?
- कार निर्माता कंपनी की जांच में दुर्घटना के क्या कारण हैं।
- क्या टक्कर के बाद स्टीयरिंग लॉक हो गया था?
जर्मनी भेजी जाएगी चिप
इन सभी सवालों के जवाब कार निर्माता टीम अपनी रिपोर्ट में देगी। एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, कार निर्माता कंपनी ने पालघर पुलिस को सूचित किया है कि वाहन की डेटा रिकॉर्डर चिप जर्मनी भेजी जाएगी। जर्मनी से डिकोडिंग के बाद एसयूवी के बारे में अधिक जानकारी मिल पाएगी। हादसे के वक्त कार की रफ्तार कितनी थी? ब्रेक, एयर बैग और अन्य पुर्जे हादसे के वक्त कैसे काम कर रहे थे? पूरी जानकारी चिप के डिकोड होने के बाद मिलेगी।
समय की गणना और विभिन्न सीसीटीवी की फुटेज के जरिए कार की स्पीड का पता चल सकेगा। दुर्घटना के समय कार की स्पीड क्या था, इसका पता डेटा रिकॉर्डर से जानकारी मिलने के बात पता चलेगा।
कई पहलुओं की जांच कर रही पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, साइरस मिस्त्री अन्य लोगों के साथ रविवार दोपहर 1:25 बजे उदवाडा से निकले थे। उनकी कार के साथ करीब 2:28 बजे हादसा हुआ था।। इसलिए उन्होंने करीब 60 से 65 किलोमीटर की दूरी 1 घंटे 2 मिनट में तय की। पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है कि क्या मिस्त्री की कार रास्ते में रुकी थी या गाड़ी बहुत ज्यादा स्पीड में चल रही थी।
ये भी पढ़ें: