• Hindi News
  • National
  • Sputnik V Corona Vaccination | Dainik Bhaskar News Headlines; 18+ Vaccination Russian Vaccine Sputnik V Adar Poonawala

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:देश में 18+ का वैक्सीनेशन शुरू, रूसी वैक्सीन की पहली खेप भारत पहुंची और सीरम के CEO बोले- कई CM ने वैक्सीन के लिए धमकाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नमस्कार!
दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार को क्यों दी सेना की मदद लेने की सलाह, राहुल ने देश की स्थिति पर क्या कहा और हैदराबाद सनराइजर्स ने क्यों वॉर्नर को कप्तानी से हटाया? आज सुबह हम ऐसी ही खास खबरें आपके लिए लाए हैं। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ...

आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर..

  • 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश में हुए पंचायत चुनाव के नतीजे आएंगे।

देश-विदेश

पूनावाला का खुलासा- भारत में वैक्सीन के लिए भारी दबाव
भारत में कोवीशील्ड वैक्सीन बना रही कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के CEO अदार पूनावाला को धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। पूनावाला ने लंदन में टाइम्स UK को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया कि भारत के शक्तिशाली नेता, मुख्यमंत्री और बिजनेसमैन उन्हें फोन पर धमका रहे हैं। सभी वैक्सीन की सप्लाई तुरंत करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीन सप्लाई को लेकर मुझ पर भारी दबाव डाला जा रहा है।

रूसी वैक्सीन स्पुतनिक-V के डेढ़ लाख डोज आए
रूसी वैक्सीन स्पुनतिक V की पहली खेप शनिवार को भारत आ गई। इसे लेकर आए एक विमान ने हैदराबाद में लैंड किया। देश में अचानक आई वैक्सीन की कमी को देखते हुए भारत सरकार ने इसे मंजूरी दी थी। देश में इस वैक्सीन का प्रोडक्शन कर रही डॉ. रेड्डीज लैब के CEO (API एंड सर्विसेज) दीपक सपरा ने बताया कि DCGI की मंजूरी के बाद हमें डेढ़ लाख डोज का पहला शिपमेंट मिल गया है। लोगों को यह वैक्सीन कुछ हफ्तों में मिलने लगेगी।

एक्सप्लेनर
कोरोना मरीजों के लिए रेमडेसिविर के अलावा और भी दवाएं

कोरोना वायरस की दूसरी लहर और खतरनाक होती जा रही है। वायरस को रोकने के लिए कोई दवा नहीं होने की वजह से डॉक्टर भी बहुत-सी दवाएं और थैरेपी आजमा रहे हैं। पर लोगों को लग रहा है कि रेमडेसिविर कोई जादुई दवा है, जिससे कोरोना ठीक हो जाएगा। ऐसा है नहीं। इसके अलावा भी कई सारी दवाओं का इस्तेमाल हो रहा है, जो इन्फेक्शन के लक्षणों के अनुसार इलाज करने या वायरस को रोकने में काम आ रही हैं।
पढ़िए पूरी खबर...

देश में 18+ का वैक्सीनेशन शुरू
देश में 1 मई से 18 से 44 साल तक उम्र के सभी नागरिकों को कोरोना वैक्सीन लगने की शुरुआत हो गई। इस बीच 5 भाजपा शासित राज्यों मध्यप्रदेश, गोवा, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक समेत पश्चिम बंगाल, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश ​​यानी 11 राज्यों ने वैक्सीनेशन प्रोग्राम तय समय से शुरू करने से इनकार कर दिया है। वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि सभी राज्यों में 1 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध हैं।

दिल्ली में तीसरी बार लॉकडाउन बढ़ा
दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद सरकार ने लॉकडाउन एक हफ्ते और बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार शाम इसकी घोषणा की। पहले यहां 3 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन था। इसे बढ़ाकर 10 मई की सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। दिल्ली में 19 अप्रैल की रात 10 बजे से लॉकडाउन शुरू हुआ था। यहां पिछले 15 दिन से 20 हजार से ज्यादा कोरोना केस सामने आ रहे हैं।

हाईकोर्ट ने पूछा- दिल्ली सरकार ने सेना से मदद क्यों नहीं ली?
दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई, बेड और दवाओं की कमी को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इसमें दिल्ली सरकार ने कहा कि राजधानी में बेडों की संख्या 15 हजार तक बढ़ाई जा रही है, लेकिन हमारे पास इनके लिए ऑक्सीजन नहीं है। इस पर कोर्ट ने सवाल किया कि दिल्ली सरकार ने अब तक सेना की मदद के लिए कोशिश क्यों नहीं की? अगर आप सेना से मदद लेंगे, तो वो अपने लेवल पर काम करेंगे।

राहुल बोले- देश की स्थिति तूफान में कश्ती जैसी
देशभर में कोरोना संक्रमण से बिगड़ते हालात के बीच शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की हालत बिना जानकारी तूफान में तैरती कश्ती जैसी हो गई है। जब केस घटे तो PM ने क्रेडिट लिया, हालात बिगड़े तो राज्यों को दोष दे रहे हैं। उन्होंने मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि सही मायने लोगों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

कोरोना से लड़ाई में नेवी ने 7 जंगी जहाज लगाए
आर्मी, एयरफोर्स के बाद अब नेवी ने विदेशों से ऑक्सीजन और मेडिकल सप्लाई लाने के लिए ऑपरेशन समुद्र सेतु-2 लॉन्च किया है। इसके तहत इंडियन नेवी के 7 जहाज कोलकाता, कोच्चि, तलवार, तबर, त्रिकंद, जलाश्व और ऐरावत को कई देशों से मेडिकल ऑक्सीजन से भरे क्रायोजैनिक कंटेनर्स और मेडिकल इक्विपमेंट लाने के लिए तैनात किया है। इधर, अभिनेता सोनू सूद ने चीन पर भारत आने वाले 100 कंसंट्रेटर्स रोकने का आरोप लगाया है।

मुंबई ने IPL में सबसे बड़ा टारगेट चेज किया, चेन्नई को हराया
IPL 2021 में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया। पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 6 विकेट गंवाकर 219 रन बनाकर मैच जीत लिया। यह मुंबई का टारगेट चेज करते हुए सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने 2017 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 199 रन चेज किए थे। मुंबई की ओर से कीरोन पोलार्ड ने 34 बॉल पर 87 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।

वॉर्नर से हैदराबाद की कप्तानी छिनी, विलियम्सन के पास कमान
इंडियम प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में अब तक बेहद कमजोर प्रदर्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने कप्तान बदलने का फैसला किया है। 2016 में टीम को चैम्पियन बना चुके ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर की जगह न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन को टीम का कप्तान बना दिया गया है। IPL के इस सीजन में टीम को 6 में से 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वह पॉइंट टेबल में टीम आठवें नंबर पर है।

दिल्ली के अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से 12 की मौत
दिल्ली के बत्रा अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म होने की वजह से 12 कोरोना मरीजों को जान गंवानी पड़ी। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान अस्पताल की तरफ से बताया गया कि एक घंटे से भी ज्यादा समय तक ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं थी। इस वजह से कोरोना मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों में डॉक्टर भी शामिल है। अस्पताल में 307 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 230 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। अस्पताल के MD ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

RJD के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की कोरोना से मौत
बिहार के सीवान से RJD सांसद रहे बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन का शनिवार सुबह कोरोना से निधन हो गया। शहाबुद्दीन पर 30 से ज्यादा केस दर्ज थे। तिहाड़ के DG द्वारा मीडिया को भेजे गए संदेश में कहा गया कि दिल्ली के DDU अस्पताल में भर्ती मोहम्मद शहाबुद्दीन का कोरोना से निधन हुआ है। मशहूर सितार वादक पद्मभूषण पंडित देवव्रत चौधरी उर्फ देबू चौधरी और अभिनेता बिक्रमजीत कंवरपाल भी कोरोना से जंग हार गए।

गुजरात के कोविड अस्पताल में आग से 18 लोगों की मौत
गुजरात में भरूच के पटेल वेलफेयर कोविड अस्पताल में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। इनमें 16 मरीज और 2 स्टाफ नर्स शामिल हैं। इस चार मंजिला अस्पताल में 50 मरीज और भर्ती थे। सभी को सिविल अस्पताल, सेवाश्रम अस्पताल और जंबुसर अल महमूद अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। मरने वालों के परिवार को राज्य सरकार 4 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है।

पहली बार 1.41 लाख करोड़ रुपए GST का कलेक्शन
अप्रैल महीने में वस्तु एवं सेवा कर (GST) का रिकॉर्ड 1.41 लाख करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ है। GST लागू होने यानी जुलाई 2017 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है। अब तक सबसे ज्यादा कलेक्शन मार्च में 1.24 लाख करोड़ रुपए का था। अप्रैल में आंशिक रूप से लॉकडाउन लगने से अनुमान था कि कलेक्शन घट सकता है। यह लगातार सातवां महीना है, जब GST कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपए के पार रहा है।

कोरोना की चेन तोड़ने के लिए भारत में लॉकडाउन जरूरी
भारत में दूसरी लहर के बढ़ते प्रकोप को रोकने और कोरोना की चैन तोड़ने के लिए कुछ हफ्तों का लॉकडाउन लगाना होगा। यह सुझाव अमेरिका के एपिडेमोलॉजिस्ट एंथोनी फॉसी ने अंग्रेजी अखबार को एक इंटरव्यू में दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत में दूसरी लहर थमती नजर नहीं आ रही है। इसके अलावा उन्होंने ऑक्सीजन सप्लाई, मेडिकेशन और PPE किट के उत्पादन पर भी ज्यादा से ज्यादा जोर देने कहा है।

आज की पॉजिटिव खबर
11 साल की उम्र में पिता का काम संभाला, अब हर महीने 6 लाख का कमाई

महाराष्ट्र के अहमदनगर से 60 किलोमीटर दूर निघोज गांव में रहने वालीं 21 साल की श्रद्धा धवन 10 साल से डेयरी फार्म चला रही हैं। महज 4-5 भैंस से शुरू हुआ कारोबार अब इतना बढ़ गया है कि उनके पास 80 से ज्यादा भैंसें हैं। हर महीने इससे 6 लाख रुपए उनकी कमाई हो रही है। श्रद्धा के पिता पहले भैंस खरीदने-बेचने का काम करते थे। पिता के बीमार होने पर श्रद्धा ने उनका काम संभाल लिया। तब उनकी उम्र महज 11 साल थी।
पढ़िए पूरी खबर...

सुर्खियों में और क्या है…

  • केंद्र सरकार ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स पर GST 28% से घटाकर 12% कर थोड़ी राहत दी है। यह कटौती 30 जून 2021 तक लागू रहेगी।
  • देश में शनिवार को कोरोना के 3.86 लाख से ज्यादा केस सामने आए। इस दौरान 3 लाख लोग रिकवर भी हुए। 3,514 लोगों ने दम तोड़ दिया।
खबरें और भी हैं...

Top Cities