• Hindi News
  • National
  • Lockdown: Coronavirus Outbreak India Cases, Vaccination LIVE Update | Maharashtra Pune Madhya Pradesh Bhopal Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today, Mumbai Delhi Coronavirus News

कोरोना देश में:संक्रमण की रिकॉर्डतोड़ रफ्तार, पहली बार एक दिन में 1 लाख से ज्यादा केस सामने आए; इनमें 57 हजार सिर्फ महाराष्ट्र में

नई दिल्ली3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। महामारी शुरू होने के बाद से एक दिन में मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या पहली बार एक लाख के पार चली गई है। रविवार को कुल 1.03 लाख केस सामने आए। 52,825 मरीज रिकवर हुए और 477 मौतें हुईं हैं। इससे पहले 17 सितंबर को 96,787 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। शनिवार को 92,994 संक्रमितों की पहचान हुई। साथ ही 713 लोगों की मौत हुई थी।

नए केस के मामले में भारत हाल में अमेरिका और ब्राजील को पीछे छोड़कर पहले नंबर पर आ गया है। शनिवार को अमेरिका में 66 हजार और ब्राजील में 41 हजार संक्रमित मिले थे। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां अभी एक दिन में 1 लाख से ज्यादा केस मिले है।

सबसे ज्यादा केस वाले देशों में पहले पर अमेरिका, दूसरे पर ब्राजील और तीसरे पर भारत है। भारत और ब्राजील के बीच अब सिर्फ 40 हजार केस का अंतर रह गया है। अगर संक्रमण की यही रफ्तार रही तो भारत जल्द ही दोबारा दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश हो जाएगा।

अब तक सवा करोड़ लोग महामारी की चपेट में आए
देश में अब तक करीब 1.25 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.16 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.65 लाख ने जान गंवाई है। 7.37 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 30 लाख के पार
महाराष्ट्र में भी संक्रमितों की संख्या हर रोज नया रिकॉर्ड बना रही है। यहां रविवार को 57,074 केस सामने आए। इसी के साथ यहां कुल संक्रमितों की संख्या 30 लाख के पार हो गई। प्रदेश की राजधानी मुंबई में पहली बार एक दिन में 11 हजार से ज्यादा मरीज मिले। यहां 11,163 केस मिले हैं। मुंबई में अप्रैल के शुरुआती 4 दिन में हर रोज 8 हजार से ज्यादा लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

महाराष्ट्र के ही पुणे में 12,494 और नागपुर में 4,110 मरीज मिले हैं। नागपुर में 62 मौतें भी हुई हैं। वहीं दिल्ली में पिछले 4 महीने में सबसे ज्यादा 4,033, UP में 4,164 और कर्नाटक में 4553 पॉजिटिव सामने आए हैं।

UP में एक मरीज मिलने पर 25 मीटर एरिया कंटेनमेंट जोन बनेगा
उत्तर प्रदेश में अचानक कोरोना के केस बढ़ने के बाद एक्टिव हुई सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके तहत एक मामला मिलने पर 25 मीटर का इलाका कंटेनमेंट जोन बना दिया जाएगा। अगर एक से ज्यादा मामले मिलते हैं तो 50 मीटर दायरे को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा।

मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट के लिए अलग नियम होंगे। एक मरीज मिलने पर अपार्टमेंट की उस मंजिल को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। एक से ज्यादा मरीज मिलने पर संबंधित ब्‍लॉक सील होगा। 14 दिनों तक एक भी मरीज न मिलने पर ही कंटेनमेंट जोन खत्म होगा।

राजस्थान सरकार ने बाहरियों के लिए RT-PCR टेस्ट जरूरी किया
कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के कारण राजस्थान सरकार ने प्रदेश में आने और बाहर जाने वालों के लिए RT-PCR टेस्ट जरूरी कर दिया गया है। सरकार ने कहा है कि कलेक्टर नाइट कर्फ्यू लगा सकते हैं, लेकिन रात 8 बजे से पहले और सुबह 6 बजे के बाद नाइट कर्फ्यू के लिए सरकार से इजाजत लेनी होगी।

सरकार के मुताबिक, डिलीवरी सर्विस को छोड़कर रेस्टोरेंट को नाइट कर्फ्यू का पालन करना होगा। शादियों में 100 से ज्यादा लोगों को शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सिनेमा घर / थिएटर / मल्टीप्लेक्स बंद रहेंगे।

अक्षय कुमार कोरोना पॉजिटिव
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार कोरोना की चपेट में आ गए हैं। अक्षय ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मैं सभी को बताना चाहता हूं कि आज सुबह मेरा कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। सभी प्रोटोकॉल्स को ध्यान में रखते हुए मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। मैं होम क्वारैंटाइन में हूं और जरूरी मेडिकल मदद ले रहा हूं। मेरे सम्पर्क में आने वाले सभी लोग जल्द से जल्द से अपना टेस्ट करवाएं। जल्द ही एक्शन में वापस आऊंगा।

कोरोना अपडेट्स

  • कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर महाराष्ट्र में पहली से 8वीं क्लास तक की परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं। राज्य की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को कहा कि कक्षा के 1 से 8 तक के सभी छात्रों को बिना परीक्षा के पास किया जाएगा। अगले आदेश तक सभी स्कूल भी बंद रहेंगे।
  • बिहार सरकार ने स्कूल-कॉलेजों को 12 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला लिया है। शनिवार को CM नीतीश कुमार की समीक्षा बैठक के तुरंत बाद हुई क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग में यह फैसला लिया गया।
  • ओडिशा का जगन्नाथ मंदिर 4 अप्रैल से हर रविवार को सैनिटाइजेशन के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान भक्त दर्शन नहीं कर पाएंगे। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
  • नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को श्रीनगर के हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उनके बेटे उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी। फारूक की कोरोना रिपोर्ट 30 मार्च को पॉजिटिव आई थी।

6 प्रमुख राज्यों के हाल...
1. महाराष्ट्र

यहां रविवार को 57,074 नए मरीज मिले। 27,508 मरीज ठीक हुए और 222 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 30.10 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 25 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए हैं, जबकि 55,878 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 4.01 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. पंजाब
यहां रविवार को 3,019 नए मरीज मिले। 2,955 ठीक हुए, जबकि 51 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.51 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.19 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 7,083 की मौत हुई है। फिलहाल 25,314 लोगों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
यहां रविवार को 4,033 नए केस आए। 2,677 मरीज ठीक हुए और 21 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.76 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.51 लाख ठीक हुए हैं और 11,081 ने जान गंवाई है। अभी 13,982 का इलाज चल रहा है।

4. मध्यप्रदेश
यहां रविवार को 3,178 नए मरीज मिले। 2201 लोग ठीक हुए, जबकि 11 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.06 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.81 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,040 की मौत हुई है। फिलहाल 21,335 लोगों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
यहां रविवार को 2,875 नए कोरोना मरीज मिले। 2,024 मरीज ठीक हुए, जबकि 14 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.18 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.98 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,566 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 15,135 लोगों का इलाज चल रहा है।

6. राजस्थान
यहां रविवार को 1,729 संक्रमितों की पहचान हुई। 587 मरीज ठीक हुए और 2 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक करीब 3.39 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.23 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,829 ने जान गंवाई है। फिलहाल 12,878 मरीजों का इलाज चल रहा है।

खबरें और भी हैं...

Top Cities