• Hindi News
  • National
  • Lockdown: Coronavirus Outbreak India Cases, Vaccination LIVE Update | Maharashtra Pune Madhya Pradesh Bhopal Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today, Mumbai Delhi Coronavirus News

कोरोना देश में:1 अप्रैल से 45 साल के ऊपर वाले सभी लोगों को लगेगी वैक्सीन, CoWIN पोर्टल पर दोपहर 3 बजे के बाद कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

नई दिल्ली3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 1 अप्रैल से 45 साल के ऊपर वाले सभी लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। केंद्र सरकार ने एक हफ्ते पहले ही इसकी घोषणा की थी। हालांकि मंगलवार को आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी दी गई। इसके तहत वैक्सीन लेने के लिए लोग CoWIN पोर्टल पर 1 अप्रैल यानी गुरुवार से दोपहर 3 बजे के बाद रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।

इसके लिए उन्हें पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद वे सरकारी या निजी किसी भी अस्पताल में जाकर वैक्सीन ले सकेंगे।

UK और ब्राजीलियन वैरिएंट के खिलाफ प्रभावी है कोवैक्सीन और कोविशील्ड

केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि कोरोना संक्रमण के खतरनाक ब्रिटेन और ब्राजीलियन वैरिएंट के खिलाफ कोवैक्सीन और कोविशील्ड टीका प्रभावी है। सरकार ने आगे बताया कि संक्रमण के दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट को लेकर रिसर्च जारी है। इसके रिजल्ट जल्द सामने होंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मीडिया ब्रीफ में बताया कि अब तक भारत में 807 यूके वैरिएंट, 47 दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट और 1 ब्राजीलियन वैरिएंट के केस मिले हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने आगे बताया कि देशभर में अब तक 10 जिलों में एक्टिव केसेस सबसे ज्यादा हैं। इनमें पुणे, मुंबई, नागपुर, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद, बेंगलुरु, नांदेड़, दिल्ली और अहमदनगर शामिल हैं।

भूषण ने कहा कि वीकली पॉजीटिविटी रेट की बात करें तो देश में यह आंकड़ा 5.65% है। वहीं, महाराष्ट्र का औसत 23%, पंजाब का 8.82%, छत्तीसगढ़ का 8%, मध्य प्रदेश का 7.82%, तमिलनाडु का 2.50%, कर्नाटक का 2.45%, गुजरात का 2.2% और दिल्ली का वीकली पॉजीटिविटी रेट 2.04% है।

अधिकांश राज्यों में नहीं हो रहा है आइसोलेशन
भूषण ने बताया कि अधिकांश राज्यों में आइसोलेशन ठीक से नहीं हो रहा है। लोगों को घर पर ही आइसोलेट या क्वारैंटाइन होने को कह तो दिया जाता है, लेकिन उसकी निगरानी ठीक से नहीं हो रही है।

वहीं, नीति आयोग के डॉ. वीके पॉल ने बताया कि हम कुछ जिलों में तेजी से गंभीर स्थिति की ओर जा रहे हैं, इससे पूरे देश को खतरा है। वायरस को रोकने और जीवन बचाने के सभी प्रयास किए जाने चाहिए। हम इन राज्यों से बातचीत कर रहे हैं। उन्हें RT-PCR टेस्ट बढ़ाने को कहा गया है। साथ ही घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्क्रीनिंग के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट को बढ़ाने का निर्देश दिया है।

नए केस के 78% मामले महाराष्ट्र-पंजाब समेत 6 राज्यों में आए

देश में बीते 24 घंटे में 56,119 नए कोरोना संक्रमित मिले। 36,983 ठीक हुए और 266 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 18,883 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देश में अब तक करीब 1.20 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.13 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.62 लाख ने जान गंवाई है, 5.37 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

पिछले 24 घंटे में देश में मिले कुल संक्रमित के 78.56% मामले (44,157 केस) महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु और गुजरात में मिले। इन्हीं 6 राज्यों में देश के कुल एक्टिव केस 79% हैं। इन राज्यों में फिलहाल 4.25 लाख लोग ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

मुंबई में निजी हॉस्पिटल में 80% कोविड बेड रिजर्व
मुंबई में कोरोना की वजह से बिगड़ते हालात के बीच बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने निजी अस्पतालों को एक अहम सर्कुलर जारी किया है। इसके मुताबिक, निजी अस्पतालों को 80% कोविड बेड और 100% ICU बेड वार्ड वॉर रूम अलॉटमेंट के कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व रखना होगा। अस्पतालों को किसी भी मरीज को सीधे एडमिट करने से मना किया गया है।

BMC कमिश्नर आईएस चहल ने बताया कि सभी कोरोना के मरीजों को कोरोना वॉर रूम के जरिए ही बेड एलॉट किए जाएंगे। ऐसे में कोई भी मरीज लैब से सीधे कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट लेने की कोशिश न करे।

कोरोना अपडेट्स

  • महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने 11 मार्च को कोरोना की वैक्सीन लगवाई थी। इससे पहले उद्धव-रश्मि के बेटे और महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
  • उत्तराखंड में हरिद्वार में एक आश्रम से 32 श्रद्धालुओं के पॉजिटिव पाए जाने के बाद कुंभ मेला के IG संजय गुंजयाल ने सभी आश्रमों के संचालकों को श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी श्रद्धालु को सर्दी, बुखार जैसे लक्षण होने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचित करने को कहा है।
  • महा कुंभ में 1 अप्रैल से 12 राज्यों के श्रद्धालुओं को RT-PCR निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट अनिवार्य कर दी गई है। यह रिपोर्ट 72 घंटे से पुरानी मान्य नहीं होगी। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के यात्री शामिल हैं।
  • छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर समेत 16 जिलों में मंगलवार से नाइट कर्फ्यू लागू हो गई। रायपुर समेत 10 जिलों में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा, जबकि जगदलपुर समेत 6 जिलों में रात 8 बजे से यह लागू हो जाएगा। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छूट रहेगी।
  • अहमदाबाद के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में संक्रमितों का आंकड़ा 70 पहुंच गया है। अहमदाबाद नगर निगम के डिप्टी हेल्थ ऑफिसर डॉ. मेहुल आचार्या ने इसकी पुष्टि की।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और उनकी पत्नी नूतन गोयल ने मंगलवार को दिल्ली के हार्ट एंड लंग्स इंस्टीट्यूट में कोरोना वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाया। उन्होंने कहा कि दोनों भारतीय वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित हैं। लोग व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी के जरिए फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और पात्र लोग वैक्सीन लगवाएं।
  • नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने हाल ही में कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगवाया था। उनके बेटे उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब मेरी और परिवार के बाकी सदस्यों के टेस्ट नहीं हो जाते, हम सभी आइसोलेट हो गए हैं।
  • दिल्ली सरकार ने कहा कि फिर से बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए छोटी कक्षाओं के लिए स्कूल फिलहाल नहीं खोले जाएंगे। पंजाब, पुडुचेरी, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, राजस्थान समेत कई और राज्यों ने भी छोटी कक्षाओं के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।
  • पंजाब के सभी स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। पंजाब बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 4 मई और 20 अप्रैल से शुरू होंगी।
  • गुजरात सरकार ने अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, सूरत, भावनगर, गांधीनगर, जामनगर और जूनागढ़ में सभी स्कूलों को 10 अप्रैल तक सिर्फ ऑनलाइन क्लास लेने को कहा है। तमिलनाडु सरकार ने भी राज्य के सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।

7 प्रमुख राज्यों के हाल...
1. महाराष्ट्र: बीते दिन से 10 हजार मामले कम आए

यहां सोमवार को 31,643 नए मरीज मिले। 20,854 ठीक हुए, जबकि 112 की मौत हुई। 24 घंटे में नए केस में 10 हजार की गिरावट देखी गई। इससे पहले रविवार को 40,414 लोग पॉजिटिव मिले थे। राज्य में अब तक 27.45 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 23.53 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 54,283 की मौत हुई है। यहां फिलहाल 3.36 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. पंजाब: 59 की मौत, महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर
यहां सोमवार को 2,868 नए मरीज मिले। 2,583 ठीक हुए, जबकि 59 की मौत हुई। इससे ज्यादा 102 मौत सिर्फ महाराष्ट्र में हुईं। पंजाब में अब तक 2.34 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.03 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 6,749 की मौत हुई है। फिलहाल 24 हजार 143 लोगों का इलाज चल रहा है।

3. मध्यप्रदेश: एक्टिव केस 15,000 के पार
यहां सोमवार को 2,323 नए मरीज मिले। 1349 लोग ठीक हुए, जबकि 9 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.91 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.71 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3,967 की मौत हुई है। फिलहाल 15,150 लोगों का इलाज चल रहा है।

4. गुजरात: मौत का आंकड़ा 4,500 पर पहुंचा
यहां सोमवार को 2,252 नए कोरोना मरीज मिले। 1,731 मरीज ठीक हुए, जबकि 8 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.03 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.86 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,500 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 12,041 लोगों का इलाज चल रहा है। यहां 28 फरवरी को 407 केस आए थे, तब से इनमें हर दिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

5. दिल्ली: इस साल एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले
यहां सोमवार को 1,904 नए केस आए। यह इस साल एक दिन में मिलने वाले मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 29 मार्च को 1,881 केस आए थे। पिछले 24 घंटे में यहां 1,411 मरीज ठीक हुए और 6 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.59 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.40 लाख ठीक हुए हैं और 11,012 ने जान गंवाई है। अभी 8,032 का इलाज चल रहा है।

6. हरियाणा: 4 दिन बाद 1,000 से कम केस आए
यहां सोमवार को 995 नए मरीज मिले, 801 ठीक हुए और 2 की मौत हुई। इससे पहले लगातार 3 दिन से यहां नए संक्रमितों का आंकड़ा 1,000 से ज्यादा था। राज्य में अब तक 2.88 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.76 लाख ठीक हो चुके हैं और 3,143 की मौत हो चुकी है। राज्य में अभी 9,312 मरीजों का इलाज चल रहा है।

7. राजस्थान: 5 दिन लगातार बढ़त के बाद नए केस में कमी
यहां रविवार को 902 संक्रमितों की पहचान हुई। 267 मरीज ठीक हुए। इससे पहले यहां लगातार 5 दिन से नए केस में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थीं। रविवार को यह आंकड़ा 1,081 रहा था। राज्य में अब तक 3.31 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.20 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,813 ने जान गंवाई है। फिलहाल 7794 मरीजों का इलाज चल रहा है।

खबरें और भी हैं...

Top Cities